टाटा की इस कंपनी में बल्ले-बल्ले! 655 कर्मचारियों के बीच बंटेंगे 7.35 करोड़ रुपये

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कंपनी प्रबंधन और श्रमिक यूनियन के बीच हुए नए बोनस समझौते के तहत इस साल कुल 7.35 करोड़ रुपये की राशि बांटी जाएगी, जिससे संस्थान से जुड़े 655 कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ मौजूदा वित्तीय वर्ष के बोनस पर मुहर नहीं लगी, बल्कि अगले तीन सालों के लिए एक बिल्कुल नया बोनस फार्मूला भी फाइनल कर दिया गया है, जिससे भविष्य को लेकर कर्मचारियों की तमाम अटकलें और अनिश्चितताएं खत्म हो गई हैं। विभिन्न ग्रेड के आधार पर तय हुई इस बोनस राशि में कर्मचारियों को बेहतरीन लाभ मिलने जा रहा है।

K ग्रेड: न्यूनतम 1,55,797 रुपये से लेकर अधिकतम 3,42,294 रुपये तक।

P ग्रेड: न्यूनतम 89,697 रुपये से लेकर अधिकतम 2,60,130 रुपये तक।

Advertisement

G ग्रेड: न्यूनतम 1,33,250 रुपये से लेकर अधिकतम 2,22,190 रुपये तक।

ग्रुप-3: न्यूनतम 37,211 रुपये से लेकर अधिकतम 1,08,575 रुपये तक।

ग्रुप-2: न्यूनतम 33,176 रुपये से लेकर अधिकतम 84,029 रुपये तक।

ग्रुप-1: न्यूनतम 36,446 रुपये से लेकर अधिकतम 75,319 रुपये तक।

सोमवार को संपन्न हुई इस महत्वपूर्ण बैठक और समझौते पर दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारियों ने अपनी सहमति जताई। प्रबंधन की तरफ से प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सीनियर जनरल मैनेजर सेफ्टी विजय प्रकाश सिंह, टेक्निकल सर्विसेज के महाप्रबंधक संजय कुमार और प्रोजेक्ट्स के महाप्रबंधक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

वहीं, श्रमिक यूनियन की ओर से अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, डिप्टी प्रेसिडेंट रविकांत शुक्ला, उपाध्यक्षद्वय पिंटू शर्मा, अखिलेश कुमार राय, दिनेश कुमार महतो और महासचिव सीड्स कृष्णा समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इस नए समझौते के लागू होने से न केवल कर्मचारियों को त्योहारी सीजन या वित्तीय वर्ष के अंत में ठोस आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि आने वाले तीन वर्षों के लिए बोनस तय करने का रास्ता भी पूरी तरह साफ हो गया है।

Share This Article