भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर भारत समेत देश के 9 राज्यों में मौसम के बिगड़ने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानियां बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 25 जनवरी के बीच हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 22 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 20 जनवरी को बिजली कड़कने के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं 23 जनवरी से प्रदेश में तेज बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
पंजाब में 22 से 25 जनवरी के बीच छिटपुट से लेकर व्यापक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 20, 21 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो राजधानी में 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। दोपहर में धूप खिलने से हल्की राहत मिलेगी, लेकिन 23 जनवरी से हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। अगले 3–4 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, हालांकि फिलहाल शीतलहर से राहत बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में 20 जनवरी को 10 से अधिक शहरों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बरेली, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ में सुबह के समय 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। लखनऊ में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 22 से 25 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है।
बिहार में 20 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, सिवान, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया में तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है। पटना में आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हरियाणा में 26 जनवरी तक ठंड बने रहने की संभावना है। वहीं पंजाब के अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, बठिंडा, फिरोजपुर और होशियारपुर में 20 से 22 जनवरी के बीच घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। 23 जनवरी से बारिश का अलर्ट रहेगा।
राजस्थान के कुछ जिलों में 22 और 23 जनवरी को बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे सीकर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर और श्रीगंगानगर में तापमान गिर सकता है।
मध्य प्रदेश में 21 जनवरी तक ठंड से राहत रहेगी, लेकिन 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश के चलते भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत कई शहरों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
उत्तराखंड में 20 जनवरी को मौसम बिगड़ सकता है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 23 जनवरी को नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उधमसिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें।

