धनबाद में सोशल मीडिया पर बीते 24 घंटे पहले वायरल हुई जातिसूचक शब्द लिखी नंबर प्लेट के मामले में ट्रैफिक पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को जब्त कर लिया है। वायरल तस्वीरों में गाड़ी की नंबर प्लेट पर नियमों के खिलाफ जातिसूचक शब्द ‘राजपूत’ लिखा हुआ था, जिसे मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन माना गया।
जांच में सामने आई गाड़ी की पहचान
ट्रैफिक विभाग की जांच में सामने आया कि उक्त वाहन JH10DE 0215 निरसा निवासी मनोज सिंह के नाम पर पंजीकृत है। जानकारी के अनुसार, वाहन के बैक साइड की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर जानबूझकर जातिसूचक शब्द अंकित किया गया था, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है।
24 घंटे के भीतर ट्रैफिक पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही धनबाद ट्रैफिक विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद महज 24 घंटे के भीतर वाहन की पहचान कर उसे जब्त कर लिया गया, जिससे विभाग की सक्रियता साफ नजर आई।
DSP ट्रैफिक का सख्त संदेश
इस पूरे मामले पर धनबाद ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि—
“नियमों के विरुद्ध किसी भी तरह की फैंसी, डिजाइनर या जातिसूचक नंबर प्लेट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़कों पर कानून का सम्मान बना रहे।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

