डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत झींकपानी थाना क्षेत्र में हाथियों के बीच हुई हिंसक भिड़ंत में एक हाथी की मौत हो गई है। वन विभाग से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात झींकपानी के जंगलों में हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा था। इसी दौरान दो हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर भीषण लड़ाई हो गई। इस संघर्ष में एक हाथी इतना गंभीर रूप से घायल हुआ कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि मृत हाथी का एक दांत गायब है। वन विभाग को अंदेशा है कि या तो संघर्ष के दौरान दांत टूटकर कहीं गिर गया है या फिर किसी ने उसे गायब कर दिया है। चाईबासा के वन प्रमंडल पदाधिकारी आदित्य नारायण अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इस घटना का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। मंगलवार रात को हाथियों का यह झुंड चाईबासा-डंगवापोसी रेल मार्ग पर पहुंच गया था, जिसके कारण रेल ट्रैक पर खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को ट्रैक से हटाने का अभियान शुरू किया। इस प्रक्रिया के दौरान लगभग एक घंटे तक रेल परिचालन पूरी तरह ठप रहा। हाथियों के हटने के बाद ही ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। फिलहाल वन विभाग के कर्मचारी स्थानीय ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं ताकि गायब हाथी दांत को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके। इलाके में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

