हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में स्कूटी सवार अपराधियों द्वारा मोबाइल छिनतई की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कांड में शामिल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनतई के कुल 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें हालिया घटना के 14 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने छिनतई में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
02 फरवरी की घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, हजारीबाग अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।
02 और 03 फरवरी की रात संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर शहर के विभिन्न इलाकों से अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल हैं—
राहुल कुमार गुप्ता उर्फ छोटू (19 वर्ष)
देव कुमार गुप्ता उर्फ गोलू (20 वर्ष)
अमर कुमार उर्फ बब्लु (19 वर्ष)
पवन कुमार (23 वर्ष)
मो. हसनैन (24 वर्ष)
सुमीत कुमार (23 वर्ष)
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से कुछ अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और वे कई मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बड़ा बाजार ओपी, लोहसिंघना थाना, पेलावल ओपी, तकनीकी शाखा और थाना शस्त्र बल के पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।

