नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, फ्लाइंग स्क्वायड और सर्विलांस टीम को सख्त निर्देश

KK Sagar
4 Min Read

धनबाद । नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो, व्यय प्रेक्षक नवनीत निश्चल एवं चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक सुरेंद्र कुमार ने शुक्रवार संध्या उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान प्रेक्षकों ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव पर जोर

धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर और पारदर्शी तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

व्यय निगरानी टीमों को सतर्क रहने का निर्देश

धनबाद नगर निगम के व्यय प्रेक्षक ने फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, वीडियो सर्विलांस टीम एवं वीडियो व्यूइंग टीम को पूरी सतर्कता के साथ सभी प्रत्याशियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने एमसीएमसी कोषांग को पेड न्यूज एवं सोशल मीडिया प्रचार पर निगरानी रखते हुए इसकी सूचना एक्सपेंडिचर कोषांग को देने का भी निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रत्याशियों को निर्धारित तीन तिथियों में अपने चुनावी खर्च का विवरण अनिवार्य रूप से जमा करने का निर्देश दिया गया।

चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण और परिवहन व्यवस्था पर फोकस

चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक ने चुनाव कार्य में लगे सभी पदाधिकारियों का समुचित प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने डिस्पैच सेंटर से मतदान केंद्र तथा मतदान के बाद बूथ से स्ट्रांग रूम तक के लिए रूट चार्ट तैयार कर पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा चेक पोस्ट पर आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

15 फरवरी से पहले शस्त्र सत्यापन और जमा अनिवार्य

बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन शस्त्रधारियों ने अब तक अपने शस्त्र का सत्यापन संबंधित थाना में नहीं कराया है और शस्त्र जमा नहीं किया है, वे 15 फरवरी से पहले अनिवार्य रूप से सत्यापन कराकर शस्त्र थाना में जमा करें। आदेश का उल्लंघन होने पर शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले चुनाव पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके लिए फोर्स डेप्लॉयमेंट प्लान तैयार कर लिया गया है। चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए कार्रवाई की जा रही है तथा लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई गई है।

सभी कोषांगों की विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान प्रेक्षकों ने कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, परिवहन, विधि व्यवस्था, मीडिया, प्रशिक्षण सहित अन्य सभी कोषांगों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में धनबाद नगर निगम के सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो, व्यय प्रेक्षक नवनीत निश्चल, चिरकुंडा नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक सुरेंद्र कुमार, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, धनबाद नगर निगम महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी विनोद कुमार, चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी जियाउल अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं कोषांग पदाधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....