डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी निर्वाचित कोषांगों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रेक्षकों की मौजूदगी में चुनाव तैयारियों का खाका खींचा गया और अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रमुख कोषांगों को दिए गए विशेष निर्देश
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न कोषांगों को उनकी जिम्मेदारी समझाते हुए पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।
कार्मिक कोषांग: चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों की पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करें। रेंडमाइजेशन प्रक्रिया आयोग के नियमों के अनुसार हो। चुनाव ड्यूटी से छूट चाहने वालों के आवेदनों की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया जाएगा।
व्यय प्रेक्षक कोषांग: उम्मीदवारों के चुनावी खर्च पर पैनी नजर रखने और निर्धारित तिथि पर व्यय लेखा का संधारण करने के निर्देश दिए गए।
सामग्री व परिवहन कोषांग: पोलिंग पार्टियों के लिए जरूरी सामग्री और छोटी-बड़ी गाड़ियों का प्रबंधन VMS पोर्टल के माध्यम से करने को कहा गया। साथ ही मतगणना कक्ष और मतपेटिका संग्रहण केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था: क्षेत्र के सभी लाइसेंसधारी शस्त्रों को जमा कराने की प्रक्रिया शुरू करने और निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वाड (उड़नदस्ता टीम) को सक्रिय करने का आदेश दिया गया।
मतदाताओं और पोलिंग पार्टियों के लिए सुविधाएं
प्रशासन का जोर इस बार जमीनी सुविधाओं पर भी है।
सिंगल विंडो सिस्टम: उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार की अनुमति आसानी से मिल सके, इसके लिए सिंगल विंडो सुविधा शुरू की जाएगी।
मतदान केंद्र: बूथों पर मूलभूत सुविधाओं का सर्वे होगा। मतदान के दिन पोलिंग पार्टियों के लिए निर्बाध बिजली और माता समिति के माध्यम से भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
मतदाता पर्ची: मतदान से 12 दिन पूर्व घर-घर जाकर मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। सभी कोषांग टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
बैठक में ये रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में मानगो नगर निगम के व्यय प्रेक्षक स्वामीनाथन, सामान्य प्रेक्षक जितेन्द्र कुमार देव, जुगसलाई के सामान्य प्रेक्षक राजेश कुमार साह, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान समेत अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

