डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: नगरपालिका निर्वाचन 2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण चरण पूरा कर लिया है। आज समाहरणालय सभागार में सामान्य प्रेक्षकों की उपस्थिति में मानगो, जुगसलाई और चाकुलिया नगर निकाय क्षेत्रों के लिए मतदान कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सॉफ्टवेयर के जरिए रेंडमाइजेशन और टैगिंग
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, निर्धारित सॉफ्टवेयर के माध्यम से रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रक्रिया के तहत मतदान दलों को उनके संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों (बूथों) के साथ डिजिटल रूप से टैग कर दिया गया है।
निकाय वार बूथों का विवरण
मतदान दल का गठन इन बूथों के लिए किया गया है।
मानगो नगर निगम: 190 बूथ
जुगसलाई नगर परिषद: 41 बूथ
चाकुलिया नगर पंचायत: 18 बूथ
मुख्य जानकारी: इस बार नगरपालिका चुनाव बैलेट बॉक्स (मतपत्र) के माध्यम से कराए जाएंगे। सुचारू मतदान के लिए प्रत्येक बूथ पर एक पीठासीन पदाधिकारी सहित कुल 5 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
रेंडमाइजेशन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान चुनाव की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी, सामान्य प्रेक्षकगण जितेन्द्र कुमार देव, राजेश कुमार साह और विष्णुदेव कच्छप, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान इसके अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित निर्वाची पदाधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

