गोविंदपुर में समेकित ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला का निरीक्षण

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद/गोविंदपुर। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आज गोविंदपुर में संचालित समेकित ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाठशाला में चल रही विभिन्न कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पशुपालन व कृषि गतिविधियों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने गाय पालन, बत्तख पालन, मत्स्य पालन और फसल उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने कृषक पाठशाला को मॉडल के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए उच्च गुणवत्ता वाली कृषि पद्धतियों को अपनाने का निर्देश दिया।

फल, सब्जी और फूलों की खेती के निर्देश

उप विकास आयुक्त ने पाठशाला परिसर में अमरूद, ड्रैगन फ्रूट, केला, पपीता, गन्ना, टमाटर, बैंगन, खीरा, करेला और तरबूज के पौधों का रोपण कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने मेरीगोल्ड, गुलाब सहित अन्य खुशबूदार फूलों की खेती शुरू करने पर भी बल दिया, ताकि किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।

बकरी, मुर्गी और सूकर पालन शीघ्र शुरू करने का निर्देश

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बकरी पालन, मुर्गी पालन और सूकर पालन के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही पाठशाला परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और उन्नत किस्म की फसलों की खेती शुरू करने को कहा।

पौधा संरक्षण केंद्र का भी लिया जायजा

इसके बाद उप विकास आयुक्त ने प्रखंड परिसर में निर्माणाधीन पौधा संरक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....