तैयार है टाटा स्टील सिटी, राष्ट्रपति के रूट से लेकर एयरपोर्ट तक, सुरक्षा का ‘फाइनल रिहर्सल’ पूरा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन के मद्देनज़र जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी व वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर, कदमा व मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, अतिथि दीर्घा, प्रवेश व निकास मार्ग, पार्किंग, मीडिया प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मौके पर मौजूद सभी संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपति के आगमन स्थल सोनारी एयरपोर्ट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक निर्धारित रूट लाइन का निरीक्षण किया। सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग व बलों की तैनाती की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारकेड रिहर्सल भी संपन्न कराया गया, जिसके माध्यम से एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता व सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित व गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Share This Article