राष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन को लेकर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा फैसला, 26 फरवरी को भारी वाहनों और बसों की नो-एंट्री

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शहर में भारी वाहनों और यात्री बसों के परिचालन पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। इस संबंध में जिला उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर दिया गया है।

मरीन ड्राइव और बारीडीह में प्रस्तावित हैं कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 26 फरवरी को मरीन ड्राइव (कदमा) और बारीडीह स्थित टाटा मणिपाल हॉस्पिटल के कार्यक्रमों में शामिल होंगी। प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति के रूट और आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है।

भारी वाहनों पर 17 घंटे का प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 26 फरवरी की सुबह 6:00 बजे से लेकर रात के 11:00 बजे तक शहर के भीतर सभी तरह के भारी वाहनों और मालवाहक चार पहिया वाहनों का प्रवेश व परिचालन पूरी तरह से वर्जित रहेगा। यह प्रतिबंध पूरे शहर के प्रमुख मार्गों पर लागू होगा। ताकि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

यात्री बसों के समय में भी बदलाव
केवल भारी वाहन ही नहीं, बल्कि शहर में चलने वाली यात्री बसों पर भी पाबंदी लगाई गई है। 26 फरवरी को सुबह 11:00 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक शहरी क्षेत्रों में यात्री बसों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन नए यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Share This Article