सिकनी में सियासी हलचल: आजसू, कांग्रेस और अन्य दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन

KK Sagar
3 Min Read

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दुलमी प्रखंड की ग्राम पंचायत सिकनी स्थित काली मंदिर प्रांगण में रविवार को भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनीष जायसवाल, सांसद, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता दुलमी भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री विजय जायसवाल ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व मंडल अध्यक्ष मच्छेंद्र प्रसाद ने किया।

समारोह में सिकनी पंचायत क्षेत्र से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आजसू पार्टी, कांग्रेस, जेएलकेएम और अन्य दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वालों में आजसू के पूर्व उपमुखिया मित्रलाल महतो एवं उनकी टीम, पंचायत अध्यक्ष मुरली महतो, कांग्रेस नेता दीनानाथ महतो, जेएलकेएम नेता गुड्डू महतो सहित जनार्दन महतो, इंद्रदेव साव, महेंद्र महतो, तुलाराम महतो, कृष्णा महतो, तेजनाथ महतो, मोती साव, शंभू महतो समेत कई लोग शामिल रहे। सभी नव-प्रवेशी कार्यकर्ताओं का फूल-माला और भाजपा का पट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

भाजपा का दामन थामने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद मनीष जायसवाल के जनकल्याणकारी कार्यों एवं विकासवादी सोच से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने पार्टी के प्रति पूर्ण समर्पण और समर्थन का भरोसा दिलाया।

अपने संबोधन में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि देश में इस समय दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है—एक ओर केंद्र की विकासोन्मुखी सरकार है, तो दूसरी ओर राज्य की सरकार, जो झारखंड को विनाश की ओर ले जा रही है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “मैं इस क्षेत्र का नेता नहीं, बल्कि बेटा बनकर सेवा करता हूँ। जनता का आशीर्वाद बना रहे, यही मेरी ताकत है।”

सांसद ने अपने वार्षिक सेवा कैलेंडर का जिक्र करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं के साथ-साथ सांसद सामूहिक विवाह, खेल महोत्सव, सांसद तीर्थ दर्शन यात्रा और नमो श्राद्ध किट जैसे सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, युवा नेता सह जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, अनमोल सिंह, नरेश कुमार, मच्छेंद्र महतो, इंद्रदेव साव, प्रदीप जायसवाल, गोपाल महतो, सरिता देवी, नरेश प्रसाद, विक्की कुमार महतो, पवन पटेल तथा सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों के मान-सम्मान और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....