धनबाद में इस बार होली का रंग कुछ अलग ही अंदाज़ में देखने को मिला। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने जमकर रंगों की मस्ती बिखेरी। पूरा परिसर गुलाल की बौछार, फगुआ गीतों और ठहाकों से गूंज उठा।
समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन पूरे उत्साह के साथ अधिकारियों संग होली खेलते नजर आए। नगर आयुक्त, डीडीसी, एसडीएम समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी रंग-गुलाल में सराबोर दिखे। माहौल उस समय और भी रंगीन हो गया, जब वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ पहुंचे। इसके बाद शुरू हुई पारंपरिक “कुर्ता-फाड़ होली”, जिसमें ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी सहित कई अधिकारियों ने खुलकर भाग लिया।
होली मिलन समारोह में स्थानीय विधायक भी पहुंचे और फगुआ गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। प्रशासन और पुलिस के बीच भाईचारे, सौहार्द और समन्वय का यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। रंगों के बीच हंसी-ठिठोली और पारंपरिक गीतों ने माहौल को और भी उल्लासमय बना दिया।
मौके पर उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हाल ही में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं। ऐसे में यह पर्व आपसी सद्भाव और खुशी साझा करने का खास अवसर है। उन्होंने सभी से सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील की।

