बिहार में “नीतीश युग” खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की राजनीति छोड़ केंद्र का रुख करने का ऐलान कर दिया है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल ये है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार का अगला सीएम कौन होगा?
अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज
नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि उनके बाद भारतीय जनता पार्टी से मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। जबकि जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। इनमें से एक नाम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा है। दूसरा नाम कौन होगा, इस पर चर्चा की जा रही है।
रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी का नाम
नीतीश कुमार के जाने के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री की कमान भारतीय जनता पार्टी के हाथों में होगी। इसके लिए जातीय समीकरण का ख्याल रखा जायेगा। इस दौड़ में सबसे आगे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम है, जो कोइरी (कुशवाहा) जाति से आते हैं। सम्राट चौधरी वर्तमान में बिहार बीजेपी के सबसे कद्दावर चेहरों में से एक हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी भी राजनीति के दिग्गज रहे हैं।
नित्यानंद राय सीएम पद के लिए बीजेपी की पसंद
नित्यानंद राय ने हालिया लोकसभा चुनाव में राजद के आलोक मेहता को हराकर अपनी ताकत साबित की है। वे उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार विधायक रहे और अब सांसद के रूप में केंद्र में सक्रिय हैं। अमित शाह के साथ भी उनकी अच्छी बनती है। अमित शाह कई बार कह भी चुके हैं कि नित्यानंद राय को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। अब किसी राज्य का मुखिया बना दें तो ये भी बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी।
बीजेपी अपना सकती है दिल्ली मॉडल
देश की राजनीति में हाल के समय में कई राज्यों में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति देखी गई है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या बीजेपी बिहार में भी इसी तरह का प्रयोग करेगी? अगर ऐसा होता है तो राज्य को दूसरी महिला मुख्यमंत्री मिल सकती है। बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री राबड़ी रही हैं। हालांकि, अभी तक बीजेपी की ओर से इस तरह का कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। अगर भविष्य में बीजेपी महिला मुख्यमंत्री का कार्ड खेलती है तो उसके पास कई नाम मौजूद हैं। इनमें चार नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बताए जाते हैं। इस सूची में सबसे मजबूत नाम रेणु देवी का माना जा रहा है। इसकते अलावा रमा निषाद, श्रेयसी सिंह और गायत्री देवी का नाम सामने आ रहा है।

