डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक ‘सेंट्रलाइज्ड पैथोलॉजी लैब’ तैयार की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 15 दिनों के भीतर यह लैब पूरी तरह कार्यात्मक हो जाएगी, जिससे मरीजों को महंगी जांचों के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
1 घंटे में 500 जांचों की क्षमता
इस नई लैब की सबसे बड़ी खासियत यहां स्थापित की गई ऑटोमैटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन है। यह हाई-स्पीड मशीन महज एक घंटे में लगभग 500 प्रकार के टेस्ट करने में सक्षम है। इससे न केवल रिपोर्ट जल्दी मिलेगी, बल्कि जांच की सटीकता भी बढ़ेगी।
इन बीमारियों की होगी मुफ्त और सटीक जांच
लैब में कई अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जिनसे महत्वपूर्ण जांचें संभव हो सकेंगी।
रूटीन टेस्ट: लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), किडनी प्रोफाइल (KFT), लिपिड प्रोफाइल और इलेक्ट्रोलाइट्स।
गंभीर बीमारियां: मेटाबोलिक डिसऑर्डर, थैलेसीमिया और शरीर के अंदर किसी भी प्रकार का संक्रमण।
मिनरल और विटामिन: आयरन प्रोफाइल, मैग्नीशियम, फॉलिक एसिड और विटामिन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जांच।
विशेष टेस्ट: थायराइड, डीएस-डीएनए, एंटी-सीसीपी और एनीमिया।
अन्य: पैंक्रियाज संबंधित जांच, यूरिन एनालिसिस और ईएसआर के लिए भी अलग से ऑटोमैटिक मशीनें इंस्टॉल की गई हैं।
टेंडर प्रक्रिया और तैयारी अंतिम चरण में
MGM के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने जानकारी दी कि मशीनों का इंस्टालेशन हो चुका है और अब इनके लिए आवश्यक केमिकल और अन्य संसाधनों के लिए टेंडर भी निकाल दिया गया है। 15 दिनों की समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लैब को आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।

