मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने भारत की ओर जा रहे दो एलपीजी (LPG) टैंकरों को Strait of Hormuz से गुजरने की अनुमति दे दी है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे अहम तेल-गैस परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है और इसके खुलने से भारत में संभावित रसोई गैस संकट कम होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, ईरान-अमेरिका तनाव के कारण इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी, जिससे कई तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई। ऐसे में भारतीय एलपीजी टैंकरों को रास्ता मिलने को भारत के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन टैंकरों के गुजरने से भारत में कुकिंग गैस की आपूर्ति को स्थिर रखने में मदद मिलेगी। दरअसल भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है और इसका महत्वपूर्ण भाग खाड़ी देशों से इसी मार्ग के जरिए आता है।
इसी बीच सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर एक टैंकर भी भारत पहुंचने वाला है, जिससे देश की ऊर्जा आपूर्ति को और मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि भारत और ईरान के बीच उच्च-स्तरीय बातचीत के बाद यह कदम संभव हो पाया है। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखने के लिए भारत कूटनीतिक स्तर पर लगातार प्रयास कर रहा है।

