जून महीने के पहले ही दिन आम लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। 1 जून से कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में ₹42 से ₹53.50 तक की बढ़ोतरी की है, जबकि 5 किलो वाले FTL (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडर की कीमत भी ₹11 बढ़ा दी गई है। नई दरें आधी रात से लागू हो गई हैं। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹42 बढ़कर ₹3113.50 हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत ₹53.50 बढ़कर ₹3255.50 पहुंच गई है। इसके अलावा 5 किलो के FTL सिलेंडर की कीमत दिल्ली में बढ़कर ₹821.50 हो गई है।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, कैटरिंग व्यवसाय और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा, क्योंकि ये बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं। माना जा रहा है कि गैस महंगी होने के बाद खाने-पीने की चीजों समेत कई सेवाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के कारण एलपीजी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में लगातार बदलाव देखा जा रहा है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है।

