महंगाई की एक और मारः पेट्रोल-डीजल के बाद अब कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम

Reena Sharma
3 Min Read

बढ़ती महंगाई के बीच एक और बड़ा झटका लगा है। जून महीने के पहले दिन ही सुबह-सुबह लोगों को परेशान करने वाली खबर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 1 जून से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें रविवार, 1 जून से लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है।

53.50 रुपए तक महंगा हुआ कॉमर्शियल सिलेंडर

कॉमर्शियल सिलेंडर आज यानी 1 जून से 53.50 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में ये 3113.50 रुपए में मिल रहा है। 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपए का इजाफा किया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इस सिलेंडर की कीमत 821.50 रुपए हो गई है। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल और ATF, यानी हवाई जहाज के ईंधन पर नई एक्सपोर्ट ड्यूटी आज से लागू हो गई है।

Advertisement

महानगरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतः

शहरनई कीमतपुरानी कीमतअंतर
दिल्ली3,113.503,071.5042.00
कोलकाता3,255.503,202.0053.50
मुंबई3,067.503,024.0043.50
चेन्नई3,283.003,237.0046.00

होटल-रेस्तरां कारोबार पर बढ़ेगा खर्च

व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से सीधे तौर पर होटल, ढाबों, रेस्तरां, शादियों व पार्टियों में कैटरिंग सेवाएं देने वाले ऑपरेटरों और अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े उद्यमियों का बजट प्रभावित होगा। बढ़ी हुई लागत को ये आगे ग्राहक पर डाल सकते हैं, जिससे होटल-रेस्‍तरां में भोजन महंगा हो सकता है।

5 किलो वाला फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर 11 रुपए महंगा

FTL सिलेंडर की कीमत 11 रुपए बढ़कर 821.50 रुपए हो गई है। पहले इसकी कीमत ₹810.50 रुपए थी। 5 किलो घरेलू सिलेंडर के दाम 339 रुपए पर स्थिर हैं। FTL सिलेंडर को छोटू सिलेंडर भी कहते हैं जिसे कोई भी बिना एड्रेस प्रूफ के ले सकता है। इनका ज्यादातर इस्तेमाल प्रवासी मजदूर, छात्र या छोटे दुकानदार करते हैं।

1 मई को भी बढा था रेट

इससे पहले, 1 मई को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हुई थी। तब तेल कंपनियों ने इसके रेट में 993 रुपये का भारी-भरकम इजाफा किया गया था। तब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,078.50 से बढ़कर 3,071.50 हो गई थी। 5 किलो वाले ‘छोटू’ सिलेंडर का रेट भी 261 रुपये बढाया गया था।

Share This Article