आसनसोल ड्रग्स केस में बड़ा एक्शन: चार आरोपियों की रिमांड बढ़ी, नेटवर्क की गहराई तक पहुंची जांच

KK Sagar
2 Min Read

कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी पुलिस फाड़ी अंतर्गत सामने आए ड्रग्स तस्करी मामले में जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। डीडी (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) द्वारा गिरफ्तार चार आरोपियों की रिमांड को अदालत ने 5 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है।

गौरतलब है कि 6 मार्च की शाम चितरंजन रोड स्थित मैदा कल के समीप एक दुकान के सामने से डीडी विभाग की टीम ने 105 ग्राम ड्रग्स के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राय, नाज खान, शहजाद आलम और शिबू मालाकार के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से गहन पूछताछ की गई और 8 मार्च को उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से प्रारंभिक तौर पर 5 दिनों की रिमांड मंजूर की गई थी। रिमांड अवधि समाप्त होने पर दोबारा पेशी के दौरान जांच एजेंसी ने और समय की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए 5 दिनों की अतिरिक्त रिमांड दे दी।

प्राथमिक जांच में ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस गिरोह में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

मामले में एक संदिग्ध सफेद रंग की चार पहिया वाहन (WB 38BD 9304) को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।

डीडी विभाग द्वारा मामले की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....