बंगाल चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों के SP बदले, आसनसोल-दुर्गापुर को मिला नया पुलिस कमिश्नर

KK Sagar
2 Min Read

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। यह कदम राज्य में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर में हालिया बदलाव के बाद अब 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) तथा कोलकाता पुलिस के डीसी (सेंट्रल) का भी तबादला किया गया है। कोलकाता पुलिस में इंदिरा मुखर्जी की जगह इलवाड़ श्रीकांत जगन्नाथराव को डीसी (सेंट्रल) के पद पर नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा वीरभूम, कूचबिहार, डायमंड हार्बर, मुर्शिदाबाद, बसिरहाट, मालदा और पूर्व मेदिनीपुर समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है। आयोग का मानना है कि इस बदलाव से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत रहेगी और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न होगी।

इसी क्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव किया गया है। वर्तमान पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी का तबादला कर दिया गया है और उनकी जगह 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. प्रणव कुमार को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ऐसे कदम आगे भी उठाए जाते रहेंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....