डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर जल्द ही जन औषधि केंद्र शुरू होने जा रहा है। इसके खुलने के बाद मरीजों को दवाइयों के लिए अस्पताल से बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बाजार की तुलना में बहुत कम कीमतों पर दवाएं उपलब्ध होंगी।
सस्ती दवाओं का तोहफा
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी ने बताया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत अस्पताल परिसर में ही जन औषधि केंद्र खोलने की तैयारी अंतिम चरण में है। यहां दवाएं बाजार से 60% से 80% तक सस्ती मिलेंगी। केंद्र पर लगभग 585 तरह की दवाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं भी शामिल हैं। जैसे ही टेंडर फाइनल होगा, केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अपील
डॉ. मांझी ने उन लोगों से जल्द आवेदन करने की अपील की है जिनका जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बना है। आवेदन अस्पताल में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। अब प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जा रहे हैं, जिससे लोग कहीं से भी अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे। जिन लोगों ने पहले आवेदन किया है और प्रमाण पत्र नहीं मिला है, वे रिमाइंडर दे सकते हैं।
लापरवाही पर सख्त एक्शन: फाइलों में गड़बड़ी पर अल्टीमेटम
अस्पताल प्रबंधन अब कार्यशैली को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। हाल ही में उपाधीक्षक ने विभिन्न विभागों की फाइलों की जांच की, जिसमें कई त्रुटियां और अधूरे रिकॉर्ड पाए गए। संबंधित लिपिकों को फाइलों को तुरंत सुधारने का निर्देश दिया गया है। वहीं बायोमेट्रिक उपस्थिति में कोताही बरतने और ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
एक्स-रे मशीन की समस्या होगी दूर
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में एक्स-रे प्रिंटर खराब होने से मरीजों को हो रही परेशानी पर भी संज्ञान लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित कंपनी को जल्द से जल्द प्रिंटर ठीक करने या बदलने का निर्देश दिया है ताकि मरीजों को बाहर से एक्स-रे न कराना पड़े।

