दुर्गापुर में BJP की बड़ी रणनीतिक बैठक, चुनावी रण के लिए बनाई गई मास्टर प्लान

KK Sagar
2 Min Read

दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में दुर्गापुर में पुरुलिया–बर्धमान विभाग की एक अहम रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भाग लेकर चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर गहन मंथन किया।

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और आसनसोल चुनाव प्रभारी व खंडार (राजस्थान) के विधायक जितेंद्र गोठवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस दौरान नेताओं ने आगामी 23 और 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती, चुनाव प्रबंधन और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विस्तृत चर्चा की। पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने और हर मतदाता तक प्रभावी पहुंच बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरे जोश और समर्पण के साथ चुनावी मैदान में उतरें और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में विधानसभा प्रभारी, संयोजक, जिला प्रवासी प्रभारी और जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एकजुट होकर भाजपा की विजय के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....