Jamshedpur:बैंक मैनेजर के सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने और कीमती सामान पार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती दी है। ताजा मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जहां प्रमोद नगर (जूही रोड) स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया है।

परिवार गया था पंजाब, घर में मचाया उत्पात
यह घर पीएनबी के सीनियर मैनेजर गोविंद चंद्र हांसदा का है। घटना के वक्त गोविंद चंद्र अपने परिवार के साथ पंजाब गए हुए थे। सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह जब घर में काम करने वाली दाई पहुंचा, तब चोरी का खुलासा हुआ।

अलमारियां खुली और बिस्तर पर पड़े मिले खाली डिब्बे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घर के अंदर का नजारा खौफनाक था। सारा सामान बिखरा पड़ा था और चोरों ने एक-एक कोने की तलाशी ली थी। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और बिस्तर पर ज्वेलरी के खाली डिब्बे पड़े मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने केवल कीमती गहनों और कैश पर हाथ साफ किया है।

CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध, पुलिस कर रही छापेमारी
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।

CCTV फुटेज: आसपास लगे कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक घर में दाखिल होते दिखाई दिए हैं।

प्लान्ड वारदात: पुलिस का मानना है कि चोरों ने पूरी रेकी करने के बाद इस सुनियोजित चोरी को अंजाम दिया है।

कार्रवाई: पुलिस की टीमें संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही हैं।

सावधानी की अपील: अगर आप भी शहर से बाहर जा रहे हैं, तो अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखें या स्थानीय पुलिस को सूचित जरूर करें।

Share This Article