रामनवमी को लेकर धनबाद प्रशासन अलर्ट, 25 से 28 मार्च तक कंट्रोल रूम सक्रिय
धनबाद। रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आदित्य रंजन (उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी), प्रभात कुमार (वरीय पुलिस अधीक्षक) और हेमा प्रसाद द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
रामनवमी के अवसर पर 25 मार्च दोपहर 2 बजे से 28 मार्च सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 0326-2311807 और 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। नियंत्रण कक्ष में चिकित्सक टीम, एम्बुलेंस और जीवन रक्षक दवाओं की व्यवस्था भी की गई है।
जिले को 7 जोन में बांटा गया
प्रशासन ने पूरे जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर और टुंडी—इन सात जोनों में विभाजित किया है। हर जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। सभी थाना और ओपी में भी दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा।
47 थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी
रामनवमी के दौरान जिले के 47 थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि 46 संवेदनशील क्षेत्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। प्रमुख थाना क्षेत्रों में धनबाद, सरायढेला, बैंक मोड़, झरिया, कतरास, गोविंदपुर, सिंदरी, टुंडी और चिरकुंडा शामिल हैं।
लगातार गश्त करेगा चलंत पुलिस दस्ता
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। इसके अलावा क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग सेल सक्रिय रहेगा। अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
स्वास्थ्य और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था
बीसीसीएल सेंट्रल हॉस्पिटल, एसएनएमएमसीएच समेत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे डॉक्टर, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है और जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा है।

