​TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार: रेप केस में एयरपोर्ट से धरे गए कैनिंग पश्चिम के नेता

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेशराम दास को दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कथित तौर पर मुंबई भागने की फिराक में थे। कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक परेशराम दास पर बीते पांच सितंबर को कैनिंग थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं (376, 323, 420, 120बी और 506) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बारुईपुर जिला पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को सूचना मिली थी कि विधायक शहर छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद, विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बारुईपुर जिला मुख्यालय ले जाया गया, जहाँ से उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

​अन्य मामलों से भी रहा है पुराना नाता
​विधायक पर केवल दुष्कर्म ही नहीं, बल्कि कई अन्य आपराधिक आरोप भी दर्ज हैं। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं।
​2023 पंचायत चुनाव हिंसा: चुनाव के दौरान हुई हिंसा, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले।
​जमीन पर कब्जा: मातला नदी के चर पर अवैध रूप से कब्जा कर आश्रम बनाने का विवाद। सीआईडी ने इस मामले में उनसे पूछताछ भी की थी, जिसके दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

बचाव में क्या बोले विधायक?
​गिरफ्तारी से पहले परेशराम दास ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया था और अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ‘राजनीतिक साजिश’ करार दिया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा था, अलविदा कैनिंग। फिर मुलाकात होगी। बात होगी। फिलहाल, अदालत में कानूनी प्रक्रिया जारी है और अदालत के फैसले के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आएगी।

Share This Article