पलामू में पूजा विसर्जन के दौरान बवाल, दो जगहों पर हिंसक झड़प और पुलिस पर पथराव; रेहला में पुलिस ने की फायरिंग

Reena Sharma
4 Min Read

पलामू जिले में काली पूजा और लक्ष्मी पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। वहीं, रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उपद्रवियों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। हालात संभालने के लिए पुलिस को करीब चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी।

सिंदुरिया गांव में विसर्जन जुलूस के दौरान भिड़े दो पक्ष

सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में इस वर्ष दो अलग-अलग स्थानों पर काली पूजा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। एक पक्ष ने पहली बार प्रतिमा स्थापित की थी, जबकि दूसरा पक्ष वर्षों से पारंपरिक रूप से पूजा करता आ रहा है। बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में पारंपरिक विसर्जन जुलूस के दौरान पुरानी नोकझोंक ने फिर तूल पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव शुरू हो गया।

पुलिस की गाड़ियों के शीशे टूटे, जवान भी हुए घायल

सिंदुरिया गांव में हुई हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस को भी निशाना बनाया। पथराव में दो पुलिस वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दो से तीन पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। इसके अलावा कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। मामले की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।

42 नामजद और 100 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी

एसडीपीओ राजेश यादव के अनुसार, मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें करीब 42 नामजद और 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश में जुटी है।

रकसाहा गांव में डीजे की आवाज कम कराने पर भड़के उपद्रवी

वहीं, रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था। पुलिस ने डीजे का वॉल्यूम कम करने को कहा तो कुछ उपद्रवी युवक भड़क गए। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए पुलिस वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बचाव में करीब चार राउंड फायरिंग की। इस घटना में पुलिस की एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

रेहला में चार जवान जख्मी, आरोपियों पर गंभीर धाराओं में FIR

रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि घटना में चार पुलिस जवान घायल हुए हैं। पूरे मामले में गंभीर धाराओं के तहत रेहला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के साथ घटना हुई है और इस दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।

Share This Article