36 घंटे तक गूंजता रहा ‘जय श्री राम’: हजारीबाग में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ ऐतिहासिक जुलूस

KK Sagar
2 Min Read

हजारीबाग की विश्वविख्यात रामनवमी शोभा यात्रा एक बार फिर अपनी अनोखी परंपरा और भव्यता के लिए चर्चा में रही। जहां देश के कई हिस्सों में राम नवमी का समापन हो जाता है, वहीं हजारीबाग में इसका भव्य आयोजन इसके बाद शुरू होता है।

दशमी की रात्रि से प्रारंभ हुआ यह विशाल जुलूस एकादशी की रात करीब 3:00 बजे समाप्त हुआ। लगभग 36 घंटे तक चले इस आयोजन में रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न इलाकों से आई आकर्षक झांकियों ने माहौल को और भव्य बना दिया, वहीं कई स्थानों पर पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन भी देखने को मिला।

लंबे समय तक चलने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना रहा। इस ऐतिहासिक पल को कई अधिकारियों और लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

Advertisement

इस मौके पर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय प्रशासन, हजारीबाग महासमिति, संरक्षण समिति और सभी सहयोगी संगठनों को दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि इस 36 घंटे लंबे आयोजन की तैयारी पिछले चार महीनों से की जा रही थी। उन्होंने जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम के सफल संचालन पर संतोष जताया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....