चुनावी सख्ती के बीच डुबुरडीही चेक पोस्ट पर दो कार्रवाई : डुबुरडीही चेक पोस्ट पर 8.64 लाख कैश जब्त

KK Sagar
2 Min Read

कुल्टी। पश्चिम बंगाल-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा पर चुनाव पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे सघन नाका चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता मिली है। नेशनल हाईवे-19 स्थित डुबुरडीही चेक पोस्ट पर दो अलग-अलग चरणों में लाखों रुपये की नकदी बरामद कर जब्त की गई।

पहली कार्रवाई

रविवार देर रात झारखंड से आसनसोल की ओर आ रही एक फोर-व्हीलर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 4,64,300 रुपये नकद बरामद हुए। मौके पर मौजूद एसएसटी मजिस्ट्रेट, एक्साइज विभाग, केंद्रीय बल एवं चौरंगी आउटपोस्ट पुलिस की संयुक्त टीम के समक्ष वाहन सवार व्यक्ति नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पूरी राशि जब्त कर ली गई।

दूसरी कार्रवाई

सोमवार सुबह चलाए गए सर्च अभियान में एक अन्य फोर-व्हीलर से 4,00,000 रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वाहन में सवार व्यक्ति एक चिकित्सक है, जो मैथन से कोलकाता नर्सिंग होम के लिए उपकरण खरीदने जा रहा था। हालांकि, वह भी नकदी के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके कारण राशि जब्त कर ली गई।

चुनाव के मद्देनज़र सख्ती

प्रशासन ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी और चेकिंग को और सख्त कर दिया गया है। अवैध धन के आवागमन पर रोक लगाने और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....