झाझा/जमुई: बिहार अभिभावक महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक जमुई जिला इकाई के साथ झाझा प्रखंड में प्रदेश सचिव प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अभिभावकों को जागरूक होने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव प्रमोद कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभिभावकों को सजग और जागरूक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
निजी स्कूलों के व्यवसायीकरण पर चिंता
प्रदेश मीडिया प्रभारी कमल किशोर सागर ने निजी स्कूलों के बढ़ते व्यवसायीकरण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज स्कूल शिक्षा से ज्यादा व्यापार पर ध्यान दे रहे हैं। किताब, कॉपी और ड्रेस जैसी आवश्यक चीजें स्कूल द्वारा मनमाने दाम पर बेची जा रही हैं, जिससे अभिभावक मजबूरी में खरीदने को विवश हैं।
शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल
जमुई जिला उपाध्यक्ष मनीष केशरी ने स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिलेबस के अनुरूप पढ़ाई नहीं कराई जाती, जिससे बच्चों पर अनावश्यक मानसिक दबाव और अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
कार्यकारिणी सदस्य रवि रेबती भारती ने अभिभावकों से संगठन से जुड़ने और सदस्यता ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक अभिभावकों के जुड़ने से संगठन मजबूत होगा और स्कूलों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

