पांडेश्वर से बदलाव की गूंज, भाजपा ने चुनावी अभियान को दी रफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल | पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई, जब भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस मौके पर राजस्थान के खंडार से विधायक और आसनसोल के चुनाव प्रभारी जितेंद्र गोठवाल विशेष रूप से मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में खास उत्साह भर दिया।

कार्यक्रम के बाद आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, घर-घर संपर्क बढ़ाने और चुनावी रणनीति को और धारदार बनाने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि आगामी चुनाव राज्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया। नेताओं का कहना था कि पांडेश्वर से उठी यह लहर अब पूरे पश्चिम बंगाल में असर डालेगी।

जितेंद्र गोठवाल ने अपने संबोधन में कहा कि अब बदलाव की मांग आम जनता की आवाज बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही पार्टी की असली ताकत है और यही आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन लाएगी।

कार्यक्रम के अंत में जोरदार नारों के साथ माहौल गूंज उठा और कार्यकर्ताओं ने जीत का भरोसा जताते हुए एकजुटता का संदेश दिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....