जमुई – शैक्षणिक संस्थानों से ‘दीदी की रसोई’ तक ईंधन आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश, वितरण व्यवस्था सुदृढ़ बनाने पर जोर

KK Sagar
3 Min Read

जमुई: जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाए रखने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में समीक्षा बैठक की। इस दौरान आपूर्ति सेवाओं से जुड़े विभिन्न कोषांगों के वरीय, नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान की कुंजी है। उन्होंने निर्देश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला के किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली छोटी से छोटी बाधा का भी तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों में किसी प्रकार का भय या भ्रम न फैले।

ईंधन आपूर्ति पर विशेष फोकस, संस्थानों में निगरानी के निर्देश

शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ईंधन की उपलब्धता को लेकर विशेष निर्देश देते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को नियमित निगरानी करने को कहा गया। ‘दीदी की रसोई’ में एलपीजी आपूर्ति में आ रही समस्याओं को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

छात्रावासों में निर्बाध आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

इसके अलावा सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय और सभी सरकारी छात्रावासों में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। गैस वितरण में बैकलॉग कम करने के लिए एजेंसियों को अतिरिक्त मानव बल लगाने का निर्देश दिया गया, साथ ही टोला सेवक, आंगनवाड़ी सेविका और जीविका दीदियों के सहयोग से वितरण प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने की बात कही गई।

कालाबाजारी पर सख्ती, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू

प्रशासनिक सख्ती बढ़ाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को आसूचना तंत्र सक्रिय रखने और धरातल की वास्तविक स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। धावा दलों की कार्यप्रणाली की निगरानी और लापरवाही पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव या आपूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों से बचें, समस्या की सूचना कंट्रोल रूम में दें

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि एलपीजी गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कालाबाजारी या किसी भी तरह की समस्या की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष (06345-222001) एवं अनुमंडल कंट्रोल रूम (06345-222006) पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....