कुल्टी: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के उम्मीदवार अभिजीत घटक ने गुरुवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन के साथ पश्चिम बर्दवान जिला शासक कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के दौरान पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ तृणमूल नेता उज्जवल चटर्जी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों की भीड़ और उत्साह ने यह संकेत दिया कि कुल्टी सीट पर तृणमूल कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अभिजीत घटक ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी कुल्टी सीट पर करीब 50 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी। उन्होंने इस संभावित जीत को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को समर्पित करने की बात कही।
जनसंपर्क और संगठन की मजबूती पर जताया भरोसा
अभिजीत घटक ने कहा कि वे लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि कुल्टी की जनता इस बार विकास, शांति और ‘मां, माटी, मानुष’ की विचारधारा के समर्थन में मतदान करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व विधायक उज्जवल चटर्जी उनके मार्गदर्शक के रूप में हमेशा साथ हैं। उनके अनुभव और सहयोग से संगठन को मजबूती मिली है और चुनावी रणनीति को नई दिशा मिली है। पार्टी को पूरा भरोसा है कि इस बार भी जनता का समर्थन उन्हें भारी मतों से विजय दिलाएगा।

