डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल क्षेत्र में एक बार फिर नक्सलियों की कायराना हरकत सामने आई है। चोटा नागरा थाना क्षेत्र के बालिबा गांव के पास चडरा डेरा जंगल में हुए एक शक्तिशाली IED विस्फोट में कोबरा 205 बटालियन के एक जवान घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार कोबरा बटालियन के जवान नियमित सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए IED की चपेट में आने से जवान अनुज कुमार घायल हो गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई।
जवान की स्थिति और एयरलिफ्ट
राहत की बात यह है कि जवान अनुज कुमार की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। पैर में स्प्लिंटर लगने के कारण हल्की चोट आई है। घटना के तुरंत बाद मौके पर ही उन्हें फर्स्ट एड दिया गया। एहतियात के तौर पर और विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए उन्हें रांची एयरलिफ्ट किया जा रहा है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
इस ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जांच के मुख्य बिंदु इस तरह हैं। मौके पर बम निरोधक दस्ता और विशेषज्ञ टीमों को तैनात किया गया है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि यह ‘प्रेशर IED’ पुराना था या नक्सलियों ने इसे हाल ही में प्लांट किया था। पूरे सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

