बिहार में 1 करोड़ जीविका दीदियों का होगा बीमा, महज कुछ रुपयों में मिलेगा लाखों का सुरक्षा कवच

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार की नीतीश कुमार की सरकार ‘आधी आबादी’ को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पहले राज्य की जीविका दीदियों को बीमा योजना की सौगात दे रहे हैं। इसके तहत राज्य की लगभग एक करोड़ जीविका दीदियों को अब बीमा योजना के दायरे में लाया जाएगा।

एक करोड़ जीविका दीदियों का बीमा कराने का लक्ष्य

बिहार सरकार की ओर से राज्य की जीविका दीदियों के लिए एक बड़ा सामाजिक सुरक्षा अभियान शुरू किया जा रहा है। इस वर्ष राज्य की करीब एक करोड़ जीविका दीदियों का बीमा कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए 15 अप्रैल के बाद पूरे राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक अभियान चलाया जाएगा, जिसे “बीमा सुरक्षा उत्सव” नाम दिया गया है।

घर-घर जाकर बीमा के लिए किया जाएगा जागरूक

इस अभियान के दौरान जीविका से जुड़े कर्मी और प्रशिक्षित दीदियां घर-घर जाकर महिलाओं को बीमा के प्रति जागरूक करेंगी और उन्हें योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेंगी। अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में परिवार को वित्तीय सहायता मिल सके।

चंद रूपये में लाखों की सुरक्षा

बिहार में फिलहाल 72 लाख दीदियों का बीमा है। सरकार ने इस बीमा योजना को दो हिस्सों में बांटा है ताकि हर स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पहली योजना ‘प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ है, जिसमें 18 से 50 वर्ष की दीदियों को सालाना मात्र 436 रुपये का अंशदान देना होगा। इसमें प्राकृतिक मृत्यु पर भी परिजनों को 2 लाख रुपये मिलेंगे। दूसरी ‘प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना’ है, जो 18 से 70 वर्ष तक की महिलाओं के लिए है। इसमें महज 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का प्रावधान है। खास बात यह है कि दुर्घटना की स्थिति में दोनों योजनाओं का लाभ मिलकर कुल 4 लाख रुपये की राशि आश्रितों को मिलेगी।

Share This Article