बिहार में सियासी उलटफेर की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के पद की शपथ ले लेंगे। इसी के साथ बिहार में नई सरकार के आकार लेने का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा। राज्यसभा सदस्य पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार के पटना लौटने पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होगी।
आज जेडीयू नेताओं के साथ बैठक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा में शपथ लेने से पहले आज जनता दल यूनाईटेड के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहले से दिल्ली में मौजूद हैं। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी नेता मौजूद रहेंगे।
पीएम मोदी और शाह से भी होगी मुलाकात
वहीं, राज्यसभा में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलकात करेंगे। बिहार में नई एनडीए सरकार के प्रारूप को लेकर सीएम नीतीश कुमार गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत कर सकते हैं। नई सरकार का मंत्रिमंडल कैसा रहेगा? कौन रिपीट होंगे? किस नए चेहरे को मौका दिया जाएगा? इस पर सीएम नीतीश कुमार अपनी राय रखेंगे।
पटना लौटने के बाद दे सकते हैं इस्तीफा
राज्यसभा सदस्य पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार के पटना लौटने पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि खरमास की समाप्ति के बाद बिहार को नई सरकार और नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

