1.72 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए दो अभियंता : हजारीबाग में ACB का बड़ा एक्शन

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड के हजारीबाग जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को जलपथ प्रमंडल, बरही के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को 1,72,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई शिकायतकर्ता ब्रजेश कुमार राय (गंगा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि.) की शिकायत के आधार पर की गई। उन्होंने ACB को बताया था कि पंचखेरो जलाशय योजना के तहत सड़क, ड्रेन और बाउंड्री निर्माण कार्य के भुगतान के बदले उनसे भारी कमीशन की मांग की जा रही है।

आरोप है कि कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो ने संशोधित समझौते की राशि का 1%, अब तक किए गए भुगतान का 1% और उड़नदस्ता टीम के नाम पर 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

ACB ने जब मामले का सत्यापन किया तो रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद कांड संख्या 03/2026 दर्ज कर ट्रैप बिछाया गया। गुरुवार 9 अप्रैल को दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ACB टीम ने दोनों अभियंताओं को रिश्वत की पहली किस्त 1.72 लाख रुपये लेते हुए दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....