राज्यसभा सदस्य की शपथ लेते ही नीतीश कर लेंगे लालू की बराबरी, एक और रिकॉर्ड बनाने से पहले बदली राह

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब से थोड़ी ही देर में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। नीतीश कुमार को राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन के कक्ष में उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही नीतीश कुमार के सियासी सफर का एक नया अध्याय शुरू हो जाएगा।

खास सूची में दर्ज हो जाएगा नीतीश का नाम

राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार का नाम एक खास सूची में दर्ज हो जाएगा। नीतीश कुमार आज चार अलग-अलग सदनों के सदस्य बनने वाले नेताओं की सूची में शामिल हो जाएंगे। इस मामले में वे राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।

Advertisement

अब जाकर इच्छा पूरी होने जा रही

लालू प्रसाद यादव के नाम चारों सदनों का रिकॉर्ड है।  वे बिहार विधानसभा, बिहार विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा, चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। इसी वजह से उनका नाम इस सूची में खास माना जाता है। अब उसी सूची में नीतीश कुमार भी शामिल होने जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने खुद कई बार इस इच्छा का जिक्र किया था। उनका कहना रहा है कि राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही वे चाहते थे कि वे राज्य और केंद्र, दोनों के सभी सदनों में काम करें। अब यह इच्छा पूरी होने जा रही है। लालू और नीतीश के अलावा बिहार में दिवंगत बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी के नाम भी चारों सदनों का सदस्य होने का रिकॉर्ड है।

नीतीश का सियासी सफर बेहद व्यापक और विविध

नीतीश कुमार का संसदीय और राजनीतिक सफर बेहद व्यापक और विविध रहा है। वे छह बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं, जहां उन्होंने करीब 16 वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त वे दो बार विधायक बने और लगभग 4 वर्षों तक विधानसभा में सक्रिय रहे। विधान परिषद में भी उनका लंबा अनुभव रहा है, जहां वे चार बार सदस्य रहे और करीब 20 वर्षों तक भूमिका निभाई।

एक और रिकॉर्ड बनते-बनते रह गया

नीतीश कुमार ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया-10 बार मुख्यमंत्री बनने का। लेकिन, एक और बड़ा रिकॉर्ड, यानी सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वालों में शीर्ष स्थान पाने से चूक गए। अगर वे कुछ साल और पद पर बने रहते तो यह आंकड़ा इतिहास में दर्ज हो सकता था, लेकिन अब उन्होंने नई दिशा चुन ली है।

Share This Article