बिहार में सरकार गठन की हलचल तेज, सीएम आवास में बैठक, एनडीए विधायकों को पटना में रहने का निर्देश

Reena Sharma
3 Min Read
Oplus_131072

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली। अब नके सीएम पद से इस्तीफे का इंतजार है। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर आगे की प्रक्रिया होनी है। इसे लेकर आज (रविवार) सीएम हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। 

अगले 48 घंटे बेहद अहम

सीएम हाउस में आज होने वाली बैठक के लिए भाजपा और जदयू के विधायकों को पटना में रहने का निर्देश दिया गया है। इस बैठक में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की संख्या और विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों में सभी मुद्दों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

Advertisement

14 अप्रैल को हो सकता है नीतीश का इस्तीफा

माना जा रहा है कि 13 अप्रैल को मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हो सकती है। इसके ठीक अगले दिन यानी 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इस्तीफे के तुरंत बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए नेता का औपचारिक चुनाव और सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

दोनों उप मुख्यमंत्री पहुंचे थे सीएम हाउस

इससे पहले, बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शनिवार की शाम 5.30 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। उनके साथ मंत्री लखेंद्र पासवान भी थे। करीब 30 मिनट सभी की नीतीश कुमार से मुलाकात हुई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा लोकभवन भी गए। वह लोकभवन में लगभग 30 मिनट तक रहे। हालांकि राजनीतिक पंडितों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सम्राट चौधरी की मुलाकात और उसके फौरन बाद उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा का राजभवन पहुंचना, महज इत्तेफाक नहीं बल्कि किसी बड़े सियासी बदलाव की आहट है।

नीतीश कुमार के इस्तीफे का इंतजार

इन सबके बीच ये सवाल बना हुआ है कि नीतीश कुमार कब इस्तीफा देंगे। इस संबंध में आज जेडीयू कोटे के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नियम-कानून और संविधान पर चलते हैं। जो नियम रहेगा वही नीतीश कुमार करेंगे। दरअसल श्रवण कुमार से पत्रकारों ने सवाल किया था कि बीते शुक्रवार को विजय कुमार चौधरी दिल्ली से पटना आए तो उन्होंने यह कहा कि शपथ लेने से सरकार नहीं बनती है। इस्तीफा देना होता है। इसके लिए अभी इंतजार करिए।

Share This Article