सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं : निरीक्षण के बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने आज जिले के विभिन्न अंचलों में सरकारी जमीनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अवैध कब्जों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने धनबाद सदर और गोविंदपुर अंचल क्षेत्र में 8 लेन मार्ग तथा बिनोद बिहारी महतो कोयलंचल यूनिवर्सिटी (बीबीएमकेयू) के पास प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए चिह्नित जमीनों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अतिक्रमण पाए गए। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए अंचल अधिकारियों को मापी कराकर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

विकास कार्यों के लिए भूमि सुरक्षित करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं से मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि इनका उपयोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जनहितकारी योजनाओं के लिए किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एक इंच भी सरकारी जमीन अतिक्रमित न रहने दें।

निरीक्षण के दौरान धनबाद और गोविंदपुर अंचल के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....