जमशेदपुर में सुलगते’ ट्रांसफार्मर: जुगसलाई के बाद मानगो में भी आग, दहशत में शहरवासी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में भीषण गर्मी के साथ-साथ अब बिजली के ट्रांसफार्मरों में आग लगने की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बुधवार को शहर में एक के बाद एक, दो बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिसने बिजली विभाग की तैयारियों और मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जुगसलाई के घोड़ा चौक पर मची अफरा-तफरी
​ताजा मामला जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक का है। बुधवार दोपहर यहां स्थित एक ट्रांसफार्मर से अचानक धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गई कि आसपास के घरों और दुकानों में मौजूद लोग डर के मारे बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की तत्परता और विभाग को दी गई सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

कुछ ही घंटों में दूसरी बड़ी घटना
​हैरानी की बात यह है कि यह शहर में ट्रांसफार्मर जलने की इकलौती घटना नहीं थी। इससे महज कुछ घंटे पहले मानगो क्षेत्र में भी इसी तरह आग लगने की खबर आई थी। एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं से पूरे शहर में बिजली संकट और सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।

​प्रारंभिक जांच और जानकारों की मानें तो इन घटनाओं के पीछे दो मुख्य कारण हैं। तापमान बढ़ने से उपकरणों पर लोड बढ़ रहा है। तकनीकी खामियां और पुराना बुनियादी ढांचा से शार्ट सर्किट हो रहा है। ​इन घटनाओं के कारण संबंधित इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे स्थानीय निवासियों को इस चिलचिलाती धूप में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जनता की मांग: ‘कागजी मेंटेनेंस’ से बाहर निकले विभाग
​लगातार हो रहे इन हादसों से नाराज स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निवासियों का कहना है कि विभाग को केवल बिल वसूलने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और पुराने ट्रांसफार्मरों की समय पर जांच करने पर ध्यान देना चाहिए ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

Share This Article