डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम स्थित सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ जारी ‘ऑपरेशन’ अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार सुबह छोटानागरा थाना क्षेत्र में हुए एक शक्तिशाली IED ब्लास्ट में कोबरा बटालियन-210 के जवान अभिनव कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए। 48 घंटे के भीतर यह दूसरा बड़ा हमला है, जिससे इलाके में तनाव चरम पर है।
आज की घटना: सुबह 8:30 बजे हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल गुरुवार सुबह सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। सुबह करीब 8:30 बजे नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर बम की चपेट में जवान अभिनव कुमार मित्तल आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि जवान को गंभीर चोटें आई हैं। घायल जवान को जंगलों से निकालकर तुरंत एयरलिफ्ट किया गया और बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घटना के बाद पूरे सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।
बुधवार को भी दहला था जंगल: 5 जवान हुए थे जख्मी
सारंडा में बीते दो दिनों से बारूद की गंध फैली हुई है। बुधवार को भी बालिबा के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई थी।
बुधवार को कोबरा बटालियन-205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश सहित 5 जवान घायल हुए थे। घायलों की सूची में जितेंद्र राय, उत्तम कुमार सेनापति, शैलेश कुमार दुबे और प्रेम कुमार के नाम शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि हम पीछे नहीं हटेंगे। माओवादियों की घेराबंदी मजबूत की जा चुकी है और यह अभियान अपने अंतिम और निर्णायक चरण में है।
टारगेट पर है ‘एक करोड़’ का इनामी मिसिर बेसरा
सूत्रों का दावा है कि सुरक्षाबलों का मुख्य उद्देश्य कुख्यात माओवादी नेता और एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा को दबोचना है। सुरक्षा एजेंसियां इस बार आर-पार के मूड में हैं। भारी संख्या में तैनात जवान चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं, जिससे बौखलाए नक्सली लगातार IED का सहारा लेकर जवानों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

