बरहरवा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र लागू आचार संहिता (MCC) के तहत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ/सीआईबी मालदा और ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी ने ट्रेन संख्या 15743 BLGT–BTI फरक्का एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की।
जांच के दौरान, जब ट्रेन तिलडांगा रेलवे स्टेशन के पास थी, तब कोच B-6 (कोच संख्या 231137/C) के दिल्ली छोर स्थित लॉकर की तलाशी ली गई। यह तलाशी कोच अटेंडेंट ऋषि कुमार पांडेय (35 वर्ष), निवासी साहिबगंज, की मौजूदगी में की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बैग में विदेशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में अटेंडेंट कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने स्वीकार किया कि वह शराब को एकलखी से जमालपुर अवैध बिक्री के लिए ले जा रहा था। ट्रेन के बरहरवा स्टेशन पहुंचने पर आरोपी और बरामद शराब को आरपीएफ/सीआईबी मालदा एवं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की टीम ने उतारकर अपने कब्जे में लिया।
बरामद सामग्री में
19 बोतल Officer’s Choice Whisky (375 ml),
24 कैन HAWARD 5000 Beer (500 ml),
और 100 टेट्रा पैक Officer’s Choice (180 ml) शामिल हैं।
कुल 37.125 लीटर शराब की कीमत ₹21,770 आंकी गई है। पूरी कार्रवाई के दौरान शराब को विधिवत जब्त किया गया। स्वतंत्र गवाह नहीं मिलने के बावजूद नियमों के तहत कार्रवाई की गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपी को उसके अधिकारों की जानकारी दी गई तथा परिजनों को सूचित किया गया।
बाद में आरोपी और जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए एक्साइज विभाग, साहेबगंज को सौंप दिया गया। आरपीएफ की लिखित शिकायत पर उत्पाद विभाग ने केस नंबर 50/26, धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद अवैध शराब की तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। अधिक मुनाफे के लालच में तस्कर दूसरे राज्यों से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इसी को देखते हुए आरपीएफ द्वारा लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे तस्करों में हड़कंप का माहौल है।

