डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह 8 बजते ही सूरज की तेज किरणें लोगों को परेशान करने लगी हैं।
अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और तपिश और बढ़ेगी।
23 अप्रैल तक के लिए जारी पूर्वानुमान
18 अप्रैल: आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
19 अप्रैल: मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
20 अप्रैल (हीटवेव का खतरा): इस दिन शहर में ‘हीटवेव’ यानी लू चलने की आशंका है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
21 अप्रैल: आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
22 अप्रैल: मौसम में स्थिरता बनी रहेगी और पारा 42 डिग्री अधिकतम व 26 डिग्री न्यूनतम सेल्सियस के बीच रहेगा।
23 अप्रैल: एक बार फिर आसमान साफ होगा और चिलचिलाती धूप रहेगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उमस और नमी का प्रभाव
मौसम विभाग के विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव या राहत की गुंजाइश नहीं है। 19 अप्रैल तक पारा 44 डिग्री को छू सकता है। तापमान बढ़ने के साथ-साथ हवा में नमी के स्तर में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सुबह के समय नमी का स्तर जहां 65% तक रहता है, वहीं शाम होते-होते यह गिरकर मात्र 22% रह जाता है। नमी कम होने से दिन के समय चलने वाली गर्म हवाएं त्वचा को झुलसाने वाली साबित हो रही हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के कारण अब शहर में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचें और खुद को हाइड्रेटेड रखें।

