“कभी भी बिखर सकती है आरजेडी”, तेज प्रताप के बयान से बिहार के सियासी हलचल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की सियासत में बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने बयानो के कारण सुर्खियों में हैं। तेज प्रताप ने एक बार फिर अपने बेबाक बयानों से बिहार के सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

राष्ट्रीय जनता दल कमजोर हुआ-तेज प्रताप

जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने इस बार आरजेडी में टूट की आशंका जताई है।  लालू के लाल ने साफ शब्दों में कहा कि उनके अलग होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल कमजोर हुआ है। उनका दावा है कि संगठन के भीतर एकजुटता की कमी दिख रही है और स्थिति ऐसी बन रही है, जहां पार्टी में टूट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

छोटे भाई तेजस्वी को लेकर नाराजगी

अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर भी तेज प्रताप ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव पब्लिक से पूरी तरह कट गए हैं और जनसंपर्क भी नहीं कर रहे। ऐसे में आरजेडी की हालत उस मोड़ पर पहुंच गई है कि सिर्फ 25 विधायक हैं, और उन्हें कभी भी कोई भी पार्टी तोड़ कर खुद के साथ ला सकती है। फैसल रहमान तो उदाहरण भी हैं।

नीतीश कुमार की खुलकर सराहना की

वहीं, दूसरी तरफ तेज प्रताप ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खुलकर सराहना की। जब तेज प्रताप से पूछा गया कि वह नीतीश कुमार के कार्यकाल को कैसे देखते हैं, तो उन्होंने बेहद बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार हमारे पिता लालू प्रसाद यादव के पुराने साथी रहे हैं। वह हमारे चाचा के समान हैं और राजनीति में बहुत सीनियर हैं। हम लोग तो अभी उनके सामने बच्चे हैं।”

नीतीश को दिए 10 में से 9 नंबर

दिलचस्प बात यह रही कि जब उन्हें याद दिलाया गया कि उनकी माता राबड़ी देवी को हटाकर ही नीतीश सीएम बने थे, तो तेज प्रताप ने कहा कि राजनीति में उलटफेर चलते रहते हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंध अपनी जगह हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में नीतीश कुमार की एक खूबी भी गिनाई और कहाँ कि “चाचा काम के दौरान न्यूट्रल रहते थे और जिस तरह वह अपना पेट सहलाते हैं, वह मुझे बहुत अच्छा लगता है।” इतना ही नहीं, उन्होंने मजाकिया अंदाज में उन्हें 10 में से 9 नंबर भी दे दिए।

Share This Article