जमशेदपुर के MGM अस्पताल में हड़कंप, सातवीं मंजिल से कूदकर कैदी ने दी जान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां इलाज के लिए भर्ती एक विचाराधीन कैदी ने अस्पताल की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

क्या है पूरा मामला?
​मृतक कैदी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो घाघीडीह केंद्रीय कारा में बंद था। बताया जा रहा है कि अशोक पिछले कुछ समय से डिप्रेशन का शिकार था। दो दिन पहले उसने जेल के भीतर ही प्लेट से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।

पुलिस की गिरफ्त से छूटकर लगाई छलांग
​मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर जब पुलिस कर्मी अशोक को वार्ड से डॉक्टर के पास ले जा रहे थे, तभी उसने अचानक पुलिस का हाथ छुड़ाया और सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
​इस घटना ने अस्पताल और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा में चूक किस स्तर पर हुई।

Share This Article