पटना ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की थी योजना, प्लेटफॉर्म नंबर 8 से दबोचे गए आरोपी
धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद ने स्टेशन परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 अप्रैल 2026 को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में RPF पोस्ट धनबाद और CIB टीम संयुक्त रूप से धनबाद रेलवे स्टेशन पर अपराध नियंत्रण को लेकर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 8 के कालका छोर पर ब्रिज के पास सुबह करीब 7:50 बजे दो संदिग्ध युवक नीले रंग के बैग के साथ नजर आए।
शक होने पर जब टीम ने दोनों को रोका और बैग की तलाशी ली, तो उसमें अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच में दोनों बैग (Safari ब्रांड) से कुल 12 बोतल Imperial Blue Blended Grain Whisky (750 ml) मिली। शराब पर “For Sale in Jharkhand Only” लिखा हुआ था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे धनबाद से शराब लेकर पटना में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहे थे। मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
RPF ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
(1) शुभम कुमार और (2) रवि कुमार, दोनों निवासी बड़ामुड़ी, धनबाद के रूप में हुई है।
कार्रवाई के बाद दोनों को जब्त शराब के साथ RPF पोस्ट धनबाद लाया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उत्पाद विभाग को मामला सौंप दिया गया है।

