पंचायतों के उत्कृष्ट कार्यों का मिला इनाम: रामगढ़ जिला राज्य स्तर पर हुआ सम्मानित

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत शुक्रवार को रांची स्थित खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में रामगढ़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और पंचायत स्तर पर किए गए सशक्त एवं प्रभावी कार्यों का प्रतिफल मानी जा रही है।

इस अवसर पर उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने जिले को प्राप्त इन सम्मानों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के समर्पण, समन्वय एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।

वर्ष 2024-25 के लिए रामगढ़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में निम्नलिखित पुरस्कार प्राप्त हुए—

उत्कृष्ट जिला परिषद श्रेणी में प्रथम स्थान

उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में दुलमी पंचायत समिति को प्रथम स्थान

स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी में गोला पंचायत समिति को प्रथम स्थान

श्रेष्ठ ग्राम सभा श्रेणी में पतरातू (कंडेर) को 31वां स्थान एवं इचातु (दुलमी) को 32वां स्थान

स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत श्रेणी में कोराम्बे (गोला) को 17वां स्थान

उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी में बरियातू (गोला) को चौथा स्थान

उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान जिले के पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित इकाइयों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जहां पंचायत स्तर पर नवाचार, स्वच्छता, सुशासन एवं जनभागीदारी के उत्कृष्ट उदाहरणों को सराहा गया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....