रालोमो का बीजेपी में होगा विलय? बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले लग रहीं अटकलें

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में एक तरफ तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है, तो दूसरी तरफ सियासी गलियारे का पारा भी चढ़ हुआ है। बिहार की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार के पहले राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के भाजपा में विलय की अटकलें तेज हैं।

रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने दिया विलय का प्रस्ताव

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी की ओर से रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी विलय का प्रस्ताव दिए जाने की बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव के तहत उनके पुत्र दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजने और मौजूदा मंत्री पद बरकरार रखने का आश्वासन दिया गया है। ऐसे में अब तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

बिना विधायक बने मंत्री बनाए गए

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में रालोमो कोटे से कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को पंचायती राज मंत्री बनाया गया था, हालांकि वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे। 2025 चुनाव के बाद गठित कैबिनेट में यह प्रतिनिधित्व रालोमो के लिए अहम माना गया था।

नई सरकार बनने के बाद बदले हालात

वर्तमान में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद राज्य की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में है और जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना है। ऐसे में भाजपा नए समीकरण साधने में जुटी है। इसी कड़ी में विलय की बातें हो रही हैं।

चार में से तीन विधायक नाराज

इसी बीच, रालोमो के भीतर असंतोष की खबरें हैं। चर्चा है कि पार्टी के चार में से तीन विधायक नेतृत्व की नीतियों से नाराज हैं। इससे पहले भी उनके असंतोष की बातें सामने आ चुकी हैं, जिसे संभावित विलय की एक वजह माना जा रहा है। अब देखने होगा कि राजनीतिक गलियारों में यह वाकया चर्चा मात्र रह जाती है या इसका कोई असर भी दिखने को मिलता है।

Share This Article