बिहार बीजेपी की नई प्रदेश कमेटी की सूची तैयार कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कमेटी में शामिल होने वाले नेताओं के नामों को अंतिम रूप दे दिया है और सूची पार्टी आलाकमान को भेज दी गई है। पार्टी नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही राज्य इकाई की ओर से प्रदेश पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
जायसवाल की जगह संजय सरावगी को मिली कमान
लोकसभा चुनाव के बाद जब पार्टी ने डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, तब नेताओं को उम्मीद थी कि नई कमेटी का गठन होगा। हालांकि, उनके कार्यकाल में प्रदेश कमेटी का गठन नहीं हो सका। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद डॉ. जायसवाल मंत्रिमंडल में शामिल हो गए। ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के तहत पार्टी ने दिसंबर 2025 में उनकी जगह संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी।
नई कमेटी होंगे 30 से ज्यादा नेता
संजय सरावगी पिछले चार महीने से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे अब प्रदेश की नई कमेटी के गठन की कवायद पूरी कर चुके हैं।बताया जाता है कि नई कमेटी में पार्टी के करीब तीन दर्जन नेताओं को लिया जा रहा है। इन नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रभारी के पदों का जिम्मा दिया जाएगा। बीजेपी नए और पुराने चेहरों को शामिल करके नई समिति में संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।
नई कमेटी में सामाजिक समीकरण का विशेष ध्यान
इसके साथ ही, नई कमेटी में महिलाओं को भी अच्छी भागीदारी देने की योजना है। मौजूदा कमेटी की तुलना में नई कमेटी का आकार छोटा रखा जा सकता है। मुख्य कमेटी की घोषणा के बाद प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और मीडिया प्रभारी के नाम भी घोषित किए जा सकते हैं। नई कमेटी में सामाजिक समीकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पार्टी के कोर वोटर माने जाने वाले वर्गों के साथ-साथ अन्य जाति, धर्म और वर्ग के नेताओं को भी कमेटी में स्थान दिया गया है, ताकि समाज के बीच सकारात्मक संदेश जा सके।

