दिल्ली में बिहार के युवक की हत्या पर बरसे तेजस्वी, बोले-भाजपा सरकार में बिहारी होना ही अपराध

Neelam
By Neelam
4 Min Read

देश की राजधानी दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी जोमैटो डिलीवरी बॉय की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है। घटना को लेकर तमाम विपक्षी दलों ने नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। अब आरजेडी नेता बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि बीजेपी सरकार में बिहारी होना सबसे बड़ा अपराध है।

केंद्र सरकार और बीजेपी पर जोरदार हमला

खगड़िया निवासी 23 वर्षीय पांडव कुमार की दिल्ली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जबकि उसका दोस्त कृष्णा की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को ‘बिहारी होने’ से जोड़ते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार में बिहारी होना ही सबसे बड़ा अपराध बन गया है।”

बिहार के लोगों के साथ भेदभाव और हिंसा का आरोप

तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पांडव कुमार को सिर्फ इसलिए गोली मारी गई क्योंकि वह बिहार का रहने वाला था। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली जैसे बड़े शहर में भी बिहार के लोगों के साथ भेदभाव और हिंसा की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

तेजस्वी ने पूछा- क्या एक गरीब बिहारी को न्याय मिल सकेगा?

तेजस्वी ने कहा कि जिस जगह यह घटना हुई, वहाँ से लेकर केंद्र तक लगभग हर स्तर पर बीजेपी की सरकार है। वहां निगम पार्षद बीजेपी का, विधायक बीजेपी का, सांसद बीजेपी का, CM बीजेपी का, बिहार CM बीजेपी का, आधा दर्जन निष्क्रिय बड़बोले केंद्रीय मंत्री बिहार के, उप राज्यपाल BJP के, गृहमंत्री BJP के, प्रधानमंत्री BJP के हैं। बीजेपी बिहारियों के लिए काल बन चुकी है। क्या इन भाजपाइयों में किसी में हिम्मत है कि एक गरीब मेहनतकश बिहारी की हत्या करने वाले उस हत्यारे पुलिसकर्मी को सजा दिलवा सके? फिर भी क्या एक गरीब बिहारी युवक को न्याय मिल पाएगा?

बिहारियों को शक और भेदभाव की नजर से देखा जाता है-तेजस्वी

तेजस्वी ने यह भी कहा कि 21 साल से नीतीश-बीजेपी की नीतियों की वजह से बिहार के लोगों को काम के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। वहां भी उन्हें सम्मान नहीं मिलता, बल्कि अक्सर शक और भेदभाव की नजर से देखा जाता है।

क्या है घटना

शनिवार देर रात नजफगढ़ के रावता गांव में ये घटना हुई। पांडव कुमार अपने दोस्त कृष्ण के साथ एक जन्मदिन पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही पांडव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त कृष्ण बुरी तरह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज अभी चल रहा है।

Share This Article